इंदौर: बीजेपी युवा मोर्चा नेता वेदांत तिवारी पर हमला और मारपीट का आरोप

राऊथाना इंदौर राऊथाना इंदौर

इंदौर|BDC News|bhopalonline.org

इंदौर के राउ क्षेत्र में राजनीतिक रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के चलते रविवार तड़के खूनी संघर्ष देखने को मिला। कैट रोड पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) के मंडल उपाध्यक्ष वेदांत तिवारी ने अपने साथियों समीर शर्मा और आदित्य के साथ मिलकर प्रखर शर्मा और नयन बाफना नामक दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक सुदामा नगर के रहने वाले दोनों पीड़ित युवक अलसुबह एक कैफे से चाय पीकर अपनी स्कॉर्पियो कार से घर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने उनका पीछा कर उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस हिंसक हमले में प्रखर और नयन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हमलावरों ने उनकी कार के कांच भी चकनाचूर कर दिए।

घटना के बाद घायल युवकों ने निजी अस्पताल में उपचार कराया और फिर न्याय की गुहार लेकर राउ थाने पहुँचे। बताया जा रहा है कि राजनीतिक रसूख के चलते शुरुआत में मामले को रफा-दफा करने और एफआईआर दर्ज न करने के लिए पुलिस पर भारी दबाव बनाया गया, लेकिन अंततः पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।

यह विवाद नया नहीं है

महज 20 दिन पहले भी महूनाका चौराहे पर वेदांत और उसके साथियों ने इन युवकों को निशाना बनाने का प्रयास किया था। उस समय छत्रीपुरा थाने में समझौता हो जाने के कारण मामला शांत हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते इस रविवार को फिर से हमला कर दिया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *