व्हाइट हाउस के पास अंधाधुंध फायरिंग: हमलावर ढेर, घटना के वक्त अंदर ही थे राष्ट्रपति ट्रम्प

व्हाइट हाउस के पास अंधाधुंध फायरिंग: हमलावर ढेर, घटना के वक्त अंदर ही थे राष्ट्रपति ट्रम्प
👁️ 165 Views

वाशिंगटन डीसी:
BDC News bhopalonline.org

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी घटना सामने आई है। व्हाइट हाउस के बेहद करीब एक संदिग्ध युवक ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं। भारतीय समयानुसार यह सनसनीखेज वारदात शनिवार रात करीब 3:30 बजे से रविवार सुबह 5:00 बजे के बीच की है। राहत की बात यह है कि घटना के वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर चलाईं गोलियां, सीक्रेट सर्विस ने किया ढेर

प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक, यह वारदात व्हाइट हाउस से महज एक ब्लॉक दूर 17th स्ट्रीट और Pennsylvania Avenue NW इलाके में हुई। वहाँ तैनात यूएस सीक्रेट सर्विस (US Secret Service) के अधिकारियों के सिक्योरिटी चेकपॉइंट को निशाना बनाकर संदिग्ध ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। चेकपॉइंट पर मौजूद सुरक्षाबलों ने त्वरित और आक्रामक जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर पर गोलियां चलाईं। गोली लगने से घायल हमलावर को जब तुरंत अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हमलावर की पहचान और मानसिक स्थिति

सुरक्षा एजेंसियों ने मृत हमलावर की शिनाख्त 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में की है, जो अमेरिका के मैरीलैंड राज्य का रहने वाला था। जांच में सामने आया है कि नासिर बेस्ट मानसिक रूप से बेहद परेशान था-

  • प्रतिबंध के बावजूद पहुंचा: कोर्ट ने नासिर के खिलाफ एक आदेश जारी किया था, जिसके तहत उसके व्हाइट हाउस के पास आने पर रोक थी, लेकिन उसने इस आदेश का उल्लंघन किया।
  • खुद को मानता था जीजस: पिछले साल 26 जून 2025 को उसने सड़क पर गाड़ियों का रास्ता रोका था, जिसके बाद उसे मेंटल हेल्थ सेंटर भेजा गया था। इसके बाद 10 जुलाई 2025 को जब वह दोबारा प्रतिबंधित इलाके में घुसते हुए पकड़ा गया, तब उसने खुद को ‘आज के दौर का जीजस’ बताया था और कहा था कि वह जानबूझकर गिरफ्तार होना चाहता है।

एक नागरिक गंभीर रूप से घायल; व्हाइट हाउस में 40 मिनट का लॉकडाउन

इस अचानक हुई गोलीबारी की चपेट में आने से एक आम नागरिक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे हमलावर की गोली लगी या फिर सुरक्षाकर्मियों की ओर से हुई जवाबी फायरिंग के दौरान वह घायल हुआ। घायल शख्स की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

फायरिंग की आवाज गूंजते ही व्हाइट हाउस कॉम्प्लेक्स के भीतर अफरा-तफरी मच गई। परिसर के अंदर मौजूद पत्रकारों और स्टाफ को सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने तुरंत सुरक्षित बंकरों और जगहों पर पहुंचाया। अत्याधुनिक हथियारों से लैस जवानों ने पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया और परिसर में करीब 40 मिनट तक सख्त लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी रही।

सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा, नॉर्थ लॉन खाली कराया गया

घटना के तुरंत बाद एफबीआई (FBI), सीक्रेट सर्विस और अन्य शीर्ष सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। व्हाइट हाउस कॉम्प्लेक्स के नॉर्थ लॉन को सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह खाली करा दिया गया है और फॉरेंसिक टीमें घटना स्थल से सबूत जुटा रही हैं।

FBI डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया पर स्थिति की जानकारी देते हुए पोस्ट किया कि देश की शीर्ष सुरक्षा एजेंसियां इस फायरिंग की घटना पर पूरी तत्परता से कार्रवाई कर रही हैं और मामले की तह तक जाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, वॉशिंगटन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

कुछ दिन पहले इवांका ट्रम्प को मिली थी धमकी

यह हमला इसलिए भी बेहद संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि इसके कुछ ही दिन पहले राष्ट्रपति ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प को जान से मारने की धमकी मिली थी। उस मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने ईरानी सेना से जुड़े एक इराकी युवक को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से इवांका और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित आवास का पूरा ब्लूप्रिंट (नक्शा) बरामद हुआ था। इस बैकग्राउंड को देखते हुए अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां अब इस ताजा हमले के सभी संभावित कनेक्शनों की बारीकी से जांच कर रही हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *