अजय तिवारी. एडिटर इन चीफ
BDC News | bhopalonline.org
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव परिणाम केवल आंकड़ों का खेल नहीं हैं, बल्कि यह भारतीय राजनीति के बुनियादी चरित्र में आ रहे उस बदलाव की गूंज है, जो आने वाले दशकों की दिशा तय करेगी। पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि मतदाता अब ‘भावनात्मक तुष्टिकरण’ के बजाय ‘ठोस सांगठनिक विकल्प’ और ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ को प्राथमिकता दे रहा है।
पश्चिम बंगाल के परिणामों ने राजनीति के उस पुराने ‘भद्रलोक’ मिथक को तोड़ दिया है, जहाँ वैचारिक बहस चाय की दुकानों तक सीमित थी। भाजपा का एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभरना यह दर्शाता है कि राज्य में अब वामपंथ, तृणमूल की सोच और कांग्रेस केवल इतिहास की पुस्तकों के विषय रह गए हैं। बंगाल में हुए इस प्रचंड ध्रुवीकरण ने चुनावी जंग को सीधे “सत्ता बनाम विकल्प’ में बदल दिया है। बंगाल में भाजपा की जीत यह केवल एक पार्टी की जीत नहीं, बल्कि बंगाल की उस मिट्टी में एक नए विचार का बीजारोपण है जो दशकों से दबे हुए असंतोष को स्वर दे रहा है। यहाँ की राजनीति अब स्पष्ट रूप से दो ध्रुवों में बंट चुकी है, जहाँ मध्यमार्गियों के लिए कोई स्थान शेष नहीं है।
असम में भाजपा की हैट्रिक ने इस बात की गवाही है कि उत्तर-पूर्व अब दिल्ली के लिए “दूरस्थ गलियारा’ नहीं, बल्कि मुख्यधारा की राजनीति का ‘पावर हाउस’ बन चुका है। असमिया अस्मिता को हिंदुत्व के व्यापक ढांचे में पिरोकर जो चुनावी ताना-बाना बुना गया, उसे भेद पाना विपक्ष के लिए असंभव साबित हुआ। यहाँ नतीजा संदेश देता है कि मतदाता सुरक्षा और जनसांख्यिकीय चुनौतियों को लेकर बेहद संवेदनशील है और वह उन ताकतों के साथ खड़ा है जो उसे भविष्य की सुरक्षा का आश्वासन दे रही हैं।
बात तमिलनाडु और केरल के परिणामों की करें तो साफ संकेत है कि भारत का दक्षिणी सिरा अब भी राष्ट्रीय लहर के प्रति प्रतिरोध की मुद्रा में है। तमिलनाडु में ‘द्रविड़ अस्मिता’ एक ऐसी राजनीतिक ढाल साबित हुई है, जिसे पार करना किसी भी राष्ट्रीय दल के लिए अब भी एक कठिन चुनौती है। वहीं केरल में भी वैचारिक जड़ें इतनी गहरी हैं कि वहां सत्ता परिवर्तन के पारंपरिक चक्र को भी मतदाता ने चुनौती दी है। दक्षिण के ये चुनाव परिणाम बताते हैं कि वहां की राजनीति में पैठ बनाने के लिए केवल विकास का नैरेटिव पर्याप्त नहीं है; वहां की भाषाई संवेदनाओं और सांस्कृतिक विशिष्टता को आत्मसात करना ही एकमात्र रास्ता है।
इन पांच राज्यों के चुनाव परिणामों का सबसे कड़वा सच कांग्रेस का निरंतर पतन है। कांग्रेस अब एक अखिल भारतीय दल के बजाय क्षेत्रीय दलों की ‘पिछलग्गू’ बनती जा रही है। यह कांग्रेस के नेतृत्व के लिए शोध का विषय है कि कैसे एक सदी पुराना दल सांगठनिक रूप से इतना खोखला हो गया कि वह अपनी पारंपरिक जमीन भी नहीं बचा पा रहा है। इन नतीजों ने कांग्रेस के भीतर नेतृत्व के संकट और वैचारिक अस्पष्टता को नग्न कर दिया है। यदि यही रुझान जारी रहा, तो भारतीय लोकतंत्र में ‘विपक्ष’ की भूमिका अब कांग्रेस के हाथों से फिसलकर पूरी तरह से क्षेत्रीय क्षत्रपों के पास चली जाएगी।
2026 के ये चुनाव परिणाम भारतीय राजनीति के ‘सेंट्रलाइजेशन’ (केंद्रीकरण) की ओर इशारा करते हैं। जहाँ एक ओर भाजपा एक सर्वव्यापी राष्ट्रीय शक्ति के रूप में उभरी है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय दल अपने-अपने किलों को बचाने के लिए रक्षात्मक मुद्रा में हैं। इन परिणामों का निचोड़ यह है कि अब राजनीति “पार्ट-टाइम’ सक्रियता से नहीं, बल्कि 24 घंटे सात दिन सांगठनिक सक्रियता और स्पष्ट वैचारिक संदेश से ही जीती जा सकती है। भारतीय मतदाता ने यह संदेश दे दिया है कि वह सत्ता के गलियारों में ‘शून्य’ को बर्दाश्त नहीं करेगा, यदि एक पक्ष कमजोर होगा, तो वह बिना संकोच दूसरे पक्ष को प्रचंड शक्ति सौंपने के लिए तैयार है।
लेटेस्ट अपडेट..
- अब न्याय की तराजू पर ‘ट्विशा शर्मा’ माैत

- Pakistan Train Blast : बलूचिस्तान के क्वेटा में जाफर एक्सप्रेस के पास आत्मघाती हमला, 30 की मौत, 82 घायल

- बिना गैस जलाए बनाएं शाही फ्रूट श्रीखंड टार्ट: 15 मिनट में तैयार No-Cooking स्वीट रेसिपी

- व्हाइट हाउस के पास अंधाधुंध फायरिंग: हमलावर ढेर, घटना के वक्त अंदर ही थे राष्ट्रपति ट्रम्प

- रोजगार मेला: वैश्विक साझेदारियों के केंद्र में हैं भारत के युवा, पीएम मोदी ने बांटे 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र

- आज का राशिफल 24 मई 2026: जानिए मेष से मीन तक का भाग्य, पंचांग और मूलांक फल

- प्रोस्टेट ग्रंथि (Prostate Gland) 40 की उम्र के बाद जांच आवश्यक है

- Evening Snacks Recipe : शाम की चाय का मजा दोगुना कर देगा यह क्रिस्पी ब्रेड पोहा कटलेट , सिर्फ 15 मिनट में ऐसे करें तैयार
