संतनगर . रवि नाथानी
BDC NEWS | bhopalonline.org
कहते हैं कि राजनीति में जब तक शह-मात का खेल शुरू न हो, तब तक मजा नहीं आता। लेकिन जब खेल के नियम ही हवा में उड़ा दिए जाएं, तो उसे “अजब-गजब’ ही कहा जाएगा। ऐसा ही एक दिलचस्प और नियम-कायदों को ठेंगा दिखाता हुआ मामला संतनगर की प्रतिष्ठित पूज्य सिंधी पंचायत के त्रि-वर्षीय चुनाव में सामने आया है। लोकतांत्रिक इतिहास में शायद यह अपनी तरह का पहला मामला है, जब अंतिम मतदाता सूची फाइनल नहीं हुई है, लेकिन उम्मीदवारों को बकायदा नामांकन पत्र भी बांटे जा रहे हैं।
यह प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ है, लापरवाही है, जल्दबाजी है, इसकी चर्चा संतनगर के गलियारों में तेज कर दी है। लोग हैरान हैं कि जब तक यह साफ ही नहीं है कि मतदात कितने हैं, वोट डालने का अधिकार किसे-किसे है, तब तक कोई उम्मीदवार किस आधार पर चुनाव मैदान में ताल ठोक रहा है?
दो दिन में तीन नामांकन
नियमों की धज्जियां उड़ने की इस चर्चा के बीच चुनावी मशीनरी पूरी रफ्तार से दौड़ रही है। नामांकन पत्र बंटने के शुरुआती दो दिनों के भीतर ही तीन प्रमुख दावेदारों ने अपने फॉर्म ले लिए हैं। इसके साथ ही अब तक जो नाम केवल बंद कमरों की चर्चाओं और हवाओं में तैर रहे थे, वे खुलकर सामने आने लगे हैं। संतनगर की इस सबसे रसूखदार पंचायत की सत्ता पर काबिज होने के लिए गुणा-भाग का दौर शुरू हो चुका है और जोड़-तोड़ की राजनीति अपने चरम पर पहुंच गई है।
पुराने चेहरे, नई बिसात
संतनगर की सिंधी समाज की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले मौजूदा अध्यक्ष माधु चांदवानी एक बार फिर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं। पर्दे के पीछे की खबरों के मुताबिक, पुराने चेहरों और भरोसेमंद करीबियों के साथ उनका एक मजबूत पैनल लगभग पूरी तरह आकार ले चुका है। माधु चांदवानी अपने मौजूदा पदाधिकारियों की पूरी फौज के साथ इस बार भी मैदान में उतरने की बिसात बिछा चुके हैं। उनके खेमे में आत्मविश्वास तो है, लेकिन इस बार की राह इतनी आसान नहीं दिख रही।
अपनों से ‘बगावत’ का तड़का
इस चुनाव का सबसे दिलचस्प और तीखा मोड़ तब आया जब विपक्षी पैनल की तरफ से अध्यक्ष पद के लिए राज मनवानी का नाम सामने आया। राज मनवानी ने अध्यक्ष पद के लिए बकायदा नामांकन फॉर्म ले लिया है, जिससे यह साफ हो गया है कि मुकाबला आमने-सामने का होने वाला है। लेकिन ट्विस्ट सिर्फ इतना नहीं है। असली धमाका तो पूर्व अध्यक्ष साबू रीझवानी के बेटे शेरू रीझवानी ने किया, जिन्होंने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र लिया है। सबसे मजेदार और तीखी बात यह है कि शेरू रीझवानी का नाम उनके पिता (साबू रीझवानी) के पुराने और पारंपरिक पैनल में दूर-दूर तक नहीं है। इसे सीधे तौर पर एक बगावत या फिर नई पीढ़ी की अपनी अलग सियासी राह चुनने के तौर पर देखा जा रहा है। पिता के रुतबे से इतर बेटे का यह कदम इस त्रि-वर्षीय चुनाव को और ज्यादा रोमांचक और कशमकश से भरा बना चुका है।
किसने क्या कहा..
मामले में चुनाव अधिकारी बसंत चेलानी से बात की गई तो उन्होंने कहा करीब 4000 मतदाता है, फाइनल आंकड़ा कुछ देर में बताएंगे। मतलब साफ है मतदाता सूची फिलहाल उनके हाथ में नहीं है। वहीं मौजूदा अध्यक्ष माधु चांदवानी ने कहा, बस संशोधन करा रहे हैं। कभी भी दे दी जाएगी।
प्रमुख बिंदु
- पूज्य सिंधी पंचायत संतनगर चुनाव
- 01 अप्रैल से 30 मई तक नये सदस्य बनाए जाएंगे।
- 05 जून को सदस्यों की सूची चुनाव अधिकारी को सौंपी जाएगी। अवधि बढ़ी।
- पंचायत में 10 पदों पर चुनाव होते है, इस बार 12 पदों पर चुनाव होंगे।
- 10 से 12 जून 2026 तक प्रातः 11:00 से दोपहर 1:00 तक नामांकन फॉर्म नवयुवक सभा स्कूल के अस्थाई कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे।
- 13 एवं 14 जून 2026 को नामांकन फार्म जमा किए जा सकेंगे।
- 15 जून को प्रत्याशियों की सूची सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी।
- नाम वापसी 17 जून दोपहर 12:00 बजे तक हो सकेगी।
- 17 जून को ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। आवश्यक होने पर 21 जून 2026 को नवयुवक सभा भवन में प्रातः 8 से 2:00 बजे तक वोटिंग करवाई जाएगी।
पुराने चेहरे : जन सेवा पैनल
अध्यक्ष पद पर माधु चांदवानी
उपाध्यक्ष पद पर भरत आसवानी, गुलाब जेठानी, जगदीश आसवानी
महासचिव पद पर नंद दादलानी
सचिव पद पर हरीश मेहरचंदानी, जेठानंद मगतानी
सहसचिव पद पर किशोर साधवानी, माधवदास परदासानी
कोषाध्यक्ष पद पर राकेश शेवानी
सह कोषाध्यक्ष पद पर अमित राजानी
ऑडिटर पद पर पुरुषोत्तम हरचंदानी