संतनगर की चौपाल

WhatsApp Channel Join Now
Google News Follow Us

चकाचक सड़कें, चमकदार  अभिनंदन

संतनगर की 9 किलोमीटर सड़कें चकाचक हुईं तो सड़कों पर “चमकदार” अभिनंदन हुआ। अभिनंदन से पहले आला-उद्ल की तरह विकास का बखान हॉर्डिंग्स पर नजर आया। वंदन, अभिनंदन हॉर्डिंग्स पर वह तस्वीर भी नजर आई, जिसने “कमल” को  नगर निगम चुनाव में चुनौती दी थी। अब समझ आ रहा है, कौन चला रहा था चुनावी शतरंज पर मात की गोटी। वह तो गनीमत रही जो “कमल” की लाज बच गई। अभिनंदन हॉर्डिंग्स पर हुए खर्चे की बात करना तो बेमानी है। कोई नई बात नहीं है, सौजन्य और प्रायोजक बनकर राशि खर्च कर अपनेपन का नवीनीकरण करना। अभिनंदन मार्ग पर पुष्प वर्षा ने “पुष्प की अभिलाषा” कविता भी याद दिलाती- बस मन हुआ दोहराने का मुझे तोड़ लेना वन माली उस पथ पर देना फेंक….

फ्लाई ओवर ताजा अपडेट चर्चा में

संतनगर में फाटक रोड पर फ्लाई ओवर का ताजा अपडेट चार जनवरी को रेलवे ने दिया। रेलवे कह रहा है-अभी फ्लाई ओवर रेलवे बोर्ड से मंजूरी की प्रक्रिया में है। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने स्वीकृति दे दी है। समझ नहीं आ रहा है, मंजूरी से पहले मिट्‌टी की जांच, नक्शे की मुंह दिखाई कैसे हो गई। लगता है शायद अपनी ओर से स्वीकृत देने के बाद राज्य सरकार के मुखिया भूमिपूजन का नारियल तोड़ने वाले हैं। प्रोग्राम भी तय हो गया है, तारीख है 21 जनवरी। वैसे 35 साल से फ्लाई ओवर घोषणा और वादों में बन रहा है। नारियल टूटने के बाद काम कब शुरू होगा, यह तो रेलवे और रेलवे और सरकार के संपर्क में रहने वाले ही बता सकते हैं।

इस बार विधायक  कांग्रेस का होगा

हुजूर में कांग्रेस की चुनावी तैयारी घर-घर हाथ जोड़ो अभियान के साथ शुरू होने वाली है। गणतंत्र दिवस के दिन से भाजपा के गढ़ में सेंधमारी करने कांग्रेस इलाके के “पूर्व” के नेतृत्व में मूव्ह करेगी। माना जा रहा है पूर्व ही वर्तमान कांगेस का विधानसभा चुनाव में चेहरा होंगे। पार्टी नेताओं ने  दावा भी कर दिया है- इस बार हुजूर से विधायक कांग्रेस का ही होगा। हुजूर में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार पर निशाना साधेगी। अपनी 15 महीने की सरकार के काम गिनाएगी, साथ ही विकास के नाम पर धोखा और खेला की की ढपली भी बजाएगी।  संतनगर और गांधीनगर में हाथ जोड़कर कहा जाएगा- हाथ का साथ देकर तो देखो। भाजपाई कह रहे हैं- मन बहलाने को ख्याल अच्छा है।

मेडमजी जरा संतनगर तो आइए

महापौर का न्योता देकर  आए हैं कांग्रेसी।  कहा है आइए मेडम- संतनगर की समस्याओं को देखने। मौके पर दिखाना चाहते हैं वह पगड़ी रस्म हॉल जिस पर लाखों खर्च कर अब बेमतलब कहा जा रहा है। विपक्ष के कहने पर महापौर आती है या नहीं यह तो आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन यदि आती हैं, तो टकराव की स्क्रीप्ट लिखने में कांग्रेसी कामयाब हो जाएंगे। कहा जा रहा है आएंगी मेडम- भाजपा के सियासी समीकरण भेजेंगे उन्हें संतनगर। “उपनगर के सुप्रीमो” की भाजपा के कई चेहरों के साथ पटरी नहीं बैठती। एक मंच पर साल में एक आध वार ही नजर आते हैं, हाल ही में एक कार्यक्रम में दोनों को बुला लिया गया तो एक ने आने सॉरी कह दिया।

अजय तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *