Headlines

    यात्री सुविधाओं को लेकर नितेश लाल का मास्टर प्लान; रेलवे सलाहकार समिति में रखें

    यात्री सुविधाओं को लेकर नितेश लाल का मास्टर प्लान; रेलवे सलाहकार समिति में रखें
    👁️ 198 Views

    भोपाल: रवि नाथानी
    BDC NEWS | bhopalonline.org

    आगामी दिनों में जबलपुर में पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) के महाप्रबंधक (GM) के साथ जेडआरयूसी (ZRUC) सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने वाली है। इस बैठक में रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य नितेश लाल यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा और स्टेशन विकास को लेकर कई बड़े और अभिनव प्रस्ताव रखने जा रहे हैं।

    हाल ही में एक साक्षात्कार के दौरान श्री नितेश लाल ने उन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जो वे इस बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे।

    साक्षात्कार: प्रमुख अंश

    प्रश्न: जबलपुर में होने वाली आगामी बैठक को लेकर आपकी क्या कार्ययोजना है?
    नितेश लाल: मैंने इस बैठक के लिए 10 से 11 महत्वपूर्ण प्रस्ताव तैयार किए हैं। इनमें संत हृदय राम नगर (SHRN) स्टेशन का विकास, भोपाल स्टेशन पर सुविधाएं, आर्मी एरिया के लिए विशेष प्रबंध, खान-पान की गुणवत्ता और चेन पुलिंग के नियमों में सुधार जैसे गंभीर विषय शामिल हैं। विशेषकर, हमारे ‘थर्ड जेंडर’ समुदाय के लिए बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करना मेरी प्राथमिकता है।

    प्रश्न: संत हृदय राम नगर स्टेशन अब जंक्शन बन चुका है, कुंभ की तैयारियों को लेकर क्या योजनाएं हैं?
    नितेश लाल: स्टेशन के कायाकल्प के साथ ही मेरा बड़ा प्रस्ताव ‘लोको रिवर्सल’ को लेकर है। मालवा एक्सप्रेस का इंजन बदलने में एक घंटा बर्बाद होता है, इसे वाया एसएचआरएन से निषादपुरा निकालने का सुझाव दिया है। साथ ही, अंबेडकर नगर, वंदे भारत, चेन्नई-पुरी एक्सप्रेस सहित 9 प्रमुख ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) की मांग की जाएगी। कुंभ के दौरान यात्रियों के लिए पीपीपी मॉडल पर ‘पेड शौचालय एवं स्नानागार’ बनाने का भी प्रस्ताव है।

    प्रश्न: आर्मी एरिया और जवानों की सुविधाओं के लिए क्या विशेष पहल है?
    नितेश लाल: यह मेरे प्रस्तावों में सबसे ऊपर है। हमारे फौजी भाई जब वारंट या ड्यूटी पर जाते हैं, तो उन्हें घंटों टिकट काउंटर पर खड़ा होना पड़ता है। मैंने मांग की है कि आर्मी एरिया में अलग से पीआरएस काउंटर खोला जाए। इसके अलावा, स्टेशन पर जवानों के लिए अलग से ‘आर्मी वेटिंग रूम’ की व्यवस्था भी जरूरी है।

    प्रश्न: ट्रेनों में अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर क्या व्यवस्था होगी?
    नितेश लाल: मैंने सुझाव दिया है कि पेंट्री कार में 3/3 का एक छोटा काउंटर हो, जहाँ नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे। उनके पास बीपी मशीन, शुगर चेकअप किट और ऑक्सीजन मीटर जैसे उपकरण हों। इससे कंट्रोल रूम को सही जानकारी मिलेगी और स्टेशन पर मौजूद डॉक्टर को पहले से पता होगा कि मरीज को किस तरह की प्राथमिक चिकित्सा की आवश्यकता है।

    प्रश्न: चेन पुलिंग के कारण यात्रियों की यात्रा रोके जाने की समस्या पर आपका क्या रुख है?
    नितेश लाल: यह बहुत गंभीर विषय है। आरपीएफ द्वारा चेन पुलिंग करने वाले यात्रियों को बीच सफर में उतार देने से उनके एग्जाम या जरूरी काम छूट जाते हैं। मेरा प्रस्ताव है कि यात्री की यात्रा न रोकी जाए। आरपीएफ उनका आईडी प्रूफ या मोबाइल नंबर ले ले और ‘धारा 141’ के तहत जुर्माने का ‘बारकोड’ थमा दे, जिसे वे ऑनलाइन भर सकें।

    प्रश्न: स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी और पेंट्री में ओवरचार्जिंग को लेकर क्या उपाय हैं?
    नितेश लाल: स्पेशल ट्रेनों का किराया ज्यादा होने के बावजूद उन्हें आउटर पर खड़ा करना गलत है। मैंने मांग की है कि इन्हें रेगुलर ट्रेनों से पहले प्राथमिकता दी जाए। रही बात पेंट्री की ओवरचार्जिंग की, तो ट्रेनों में क्यूआर कोड स्कैनिंग की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे यात्री खुद मेनू और सही रेट चेक कर सकें। इससे विवाद की स्थिति खत्म होगी और अवैध वसूली पर लगाम लगेगी।

    नितेश लाल के ये प्रस्ताव यदि धरातल पर उतरते हैं, तो निश्चित रूप से यात्रियों का सफर अधिक सुगम, सुरक्षित और सुखद होगा। उम्मीद है कि आगामी 25 तारीख की बैठक में इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *