मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गणतंत्र के पर्व की दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस, मतदाता दिवस एवं पर्यटन दिवस की बधाई दी है।
गणतंत्र दिवस ….
‘प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के लिए गर्व का भाव सशक्त हो रहा है। उन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए शहीद राष्ट्रभक्तों और ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के समर्थ, सक्षम नेतृत्व और मार्गदर्शन में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के अंतर्गत विकसित भारत की संकल्पना को भारतवासी साकार कर रहे हैं। विकास और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मध्यप्रदेश विकसित राज्य के रूप में पहचान बना रहा है। इस उपलब्धि में प्रदेशवासियों का महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य सरकार गरीब कल्याण, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के माध्यम से समाज के संपूर्णता में सशक्तिकरण के मंत्र को साकार करने और सुशासन के लिए संकल्पबद्ध है।’ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की है।
मतदाता दिवस ….
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जागरूक मतदाता देश की प्रगति, अंत्योदय के संकल्प की सिद्धि और लोकतंत्र की सुदृढ़ता का आधार हैं। यह दिवस प्रेरित करता है कि मतदान कर हम अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य का निर्वहन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मतदाताओं से सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का आवश्यक रूप से प्रयोग करने का आव्हान किया।
पर्यटन दिवस ….
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय पर्यटन दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्यटन अध्यात्म, संस्कृति और परंपराओं से आत्मसात होने का प्रभावी माध्यम है। पर्यटन के विविध आयामों के परिप्रेक्ष्य में मध्यप्रदेश सहित देश का कोना-कोना समृद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समृद्ध भारतीय धरोहर, संस्कृति और परंपराओं से विश्व को परिचित कराने के प्रयासों में सभी से योगदान देने का आव्हान किया है।