खबर भोपाल से है। एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। शव के पास एसिड की बोतल मिली है।
भोपाल|BDC News|bhopalonline.org
राजधानी के गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रोशनी के रूप में हुई है, जो आलीराजपुर की रहने वाली थी। रोशनी ने महज चार महीने पहले अक्टूबर 2025 में ही कॉलेज में प्रवेश लिया था। वह कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित एक पीजी (पेइंग गेस्ट) में डे-स्कॉलर के तौर पर रह रही थी।
बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो बेसुध मिली रोशनी

घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ जब कॉलेज जाने का समय होने के बावजूद रोशनी अपने कमरे से बाहर नहीं आई। साथ रहने वाले अन्य छात्रों ने उसे कई बार आवाज दी और फोन भी किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो अनहोनी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद पीजी के गार्ड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने जब कमरे और फिर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, तो रोशनी वहां बेसुध अवस्था में पड़ी मिली।
मौके पर मिली संदिग्ध बोतल, अस्पताल में मृत घोषित
वहां मौजूद छात्रों के अनुसार, रोशनी के पास ही एसिड की एक खाली बोतल पड़ी हुई थी, जो किसी गंभीर घटना की ओर इशारा कर रही है। आनन-फानन में कॉलेज प्रबंधन को सूचित किया गया और सुबह करीब 8:30 बजे उसे हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी विभाग ले जाया गया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पढ़ाई में गंभीर और शांत स्वभाव की थी छात्रा
रोशनी ने चिकित्सा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना लेकर अक्टूबर 2025 में जीएमसी में दाखिला लिया था। उसके साथियों ने बताया कि वह पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर और शांत स्वभाव की थी। वह पिछले सप्ताह ही अपने गृह जिले आलीराजपुर से भोपाल लौटी थी। अचानक हुई इस घटना से कॉलेज परिसर और उसके मित्रों में शोक की लहर है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम का इंतजार
कोहेफिजा थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। रोशनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। पुलिस ने आलीराजपुर में उसके परिजनों को सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती जांच के बाद ही हो पाएगा।
- मार्केट लाइव: निक्केई और कोस्पी में गिरावट, अमेरिकी बाजार फिसले; क्रूड ऑयल ₹99 डॉलर के करीब
- ट्रंप का बड़ा फैसला: ईरान पर हमला 6 अप्रैल तक टला, कूटनीतिक समाधान की बढ़ी उम्मीद
- पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटी: डीजल पर शुल्क किया शून्य, पेट्रोल पर ₹10 की राहत
- ईरान-इजरायल युद्ध: PM मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक
- जबलपुर मेडिकल कॉलेज: शिशु वार्ड में शार्टसर्किट से आग, NICU से 27 नवजात सुरक्षित शिफ्ट