भोपाल: रवि कुमार
BDC NEWS| bhopalonline.org
संतनगर के प्रमुख बाजारों में दुकानों के आगे अनधिकृत रूप से लगने वाले ठेलों को लेकर स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। करोड़ों रुपये का निवेश कर व्यापार कर रहे दुकानदारों का कहना है कि मुख्य मार्गों, पीएनबी बैंक रोड, आरा मशीन रोड, रेलवे स्टेशन रोड और निरंकारी मंडल रोड समेत कई अहम बाजारों में ठेलों का कब्जा बढ़ता जा रहा है। इससे बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ रहा है और व्यापार मंदा होने के साथ-साथ आए दिन ठेला चालकों व दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
असामाजिक तत्वों का जमावड़े पर चिंता
व्यापारियों का गंभीर आरोप है कि कुछ ठेलों के आसपास नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है, जिससे वहां असामाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है। कई बार ठेला संचालकों द्वारा अभद्र व्यवहार और गुंडागर्दी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे बाजारों में आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों के मन में असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है।
निगम और पुलिस को सौंपा ज्ञापन
इस गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए व्यापारियों ने पूज्य सिंधी पंचायत से गुहार लगाई। इसके बाद पंचायत पदाधिकारियों ने व्यापारियों के साथ मिलकर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों व अतिक्रमण अधिकारियों से मुलाकात की और बाजारों से अवैध ठेलों को तुरंत हटाने की मांग की। इसके अलावा, एक प्रतिनिधिमंडल ने बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम को भी ज्ञापन सौंपकर बाजारों में कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने, अवैध ठेलों पर नकेल कसने और आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में माधू चांदवानी, राजकुमार वाधवानी, सुरेश रीझवानी, राकेश शेवानी, भरत आसवानी और पुरुषोत्तम हरचंदानी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कपड़ा व्यवसायी नीरज जनयानी पर हमला
संतनगर: संतनगर में लगातार बढ़ती आपराधिक वारदातों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूज्य सिंधी पंचायत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। पंचायत ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सख्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने की मांग की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से गुस्सा
पूज्य सिंधी पंचायत ने पुलिस को दिए ज्ञापन में बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले कपड़ा व्यवसायी नीरज जनयानी पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया था। इस मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी तो हुई है, लेकिन मुख्य हमलावर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पंचायत का आरोप है कि पुलिस के पास घटना के स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद मुख्य आरोपियों का न पकड़ा जाना चिंताजनक है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
चोरी और तेज रफ्तार बाइकों का आतंक
पंचायत ने ज्ञापन के जरिए यह भी रेखांकित किया कि नगर में चोरी की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके अलावा, असामाजिक तत्व मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार से मोटरसाइकिलें चलाकर आम नागरिकों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। विरोध करने पर ये लोग गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पूज्य सिंधी पंचायत ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नीरज जनयानी पर हमला करने वाले मुख्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई हो और नगर में भयमुक्त व शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जाए।
- नवरात्रि : सिंध जीव सेवा कल्याण समिति बांट रही महाप्रसाद, 11 स्थानों पर सेवा जारी
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई में उद्धव और राज ठाकरे का बड़ा प्रदर्शन

- सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा: उज्जैन से अयोध्या तक 1000 किमी का सफर

- Saptahik Rashifal 5 to 11 October 2026: जानिए मेष से मीन तक का साप्ताहिक राशिफल

- एशियन गेम्स 2026: भारत का शानदार अभियान 21 गोल्ड और 85 पदकों के साथ समाप्त

- बागमगुलिया: प्रोस्पेरा सोसाइटी में गणेशजी की मनोहारी प्रतिमा की स्थापना

- हनुमान अंश 200 करोड़ क्लब के करीब, 34वें दिन भी सिनेमाघरों में बरकरार है दबदबा
- Sindhi Sammelan Bhopal: राजधानी में दो दिवसीय सिंधी सम्मेलन 12 सितंबर से




