ऑपरेशन सिंदूर .. सेना के शौर्य का सम्मान करने निकली तिरंगा यात्रा
अद्भुत कार्य कर दिखाया है भारतीय फौज ने : रामेश्वर शर्मा
भोपाल.BDC NEWS
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर और भारतीय सेना के शौर्य के सम्मान में संतनगर मंडल और गांधीनगर मंडल द्वारा रविवार को “तिरंगा यात्रा” निकाली गई। यात्रा में देशभक्ति का ऐसा ज्वार उमड़ा कि पूरा संत नगर तिरंगामय हो गया।
तिरंगा यात्रा संत नगर के वन ट्री हिल्स से प्रारंभ हुई और नगर के मुख्य मार्ग से गुज़रते हुए संपन्न हुई। यात्रा में विधायक रामेश्वर शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। इस महत्वपूर्ण यात्रा की अगुवाई क्षेत्र की महिलाओं ने की, जो हाथों में तिरंगा थामे गर्व से आगे बढ़ रही थीं। उनके पीछे भाजपा के सभी कार्यकर्ता अनुशासित रूप से चल रहे थे।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने भारतीय सेना के पराक्रम और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा, “भारत के सैनिक वह वीर हैं जो देश के लिए लड़ते हैं, देश के लिए जीते हैं और दुनिया के हर कोने में अपने हिंदुस्तान के तिरंगे की शान को बढ़ाते हैं। हम ऐसे सभी जांबाज सैनिकों को हृदय से धन्यवाद देते हैं और उन पर गर्व करते हैं। हमारी सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में वह अद्भुत कार्य कर दिखाया है, जो अद्वितीय है।”
शर्मा ने आतंकवाद को मानवता के लिए खतरा बताते हुए कहा कि हमारी सेना कभी भी निर्दोषों को नहीं सताती, बल्कि आतंकवाद के नापाक इरादों को विफल करने के लिए सदैव तत्पर रहती है। इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राम बंसल, मंडल अध्यक्ष मनीष बागवानी, रामू केवट, शेट्टी चंदनानी, रिटायर्ड कर्नल पारवानी, सुशील वासवानी, कमल विधानी, लवीन मनसुखानी, चंदू भैया, हीरो इसरानी, गुलाब जेठानी, आर. हिंगोरानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और देशभक्त युवा उपस्थित थे। यात्रा के दौरान बज रहे देशभक्ति गीतों ने युवाओं में जोश और उत्साह का संचार किया।
भोपाल डॉट कॉम, रवि कुमार, संतनगर ब्यूरो