मध्य प्रदेश को मिली रेल कोच इकाई की सौगात: रक्षा मंत्री ने किया ब्रह्मा परियोजना का भूमिपूजन

मध्य प्रदेश को मिली रेल कोच इकाई की सौगात: रक्षा मंत्री ने किया ब्रह्मा परियोजना का भूमिपूजन

रायसेन, BDC News

मध्य प्रदेश को एक बड़ी सौगात मिली है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रायसेन जिले के उमरिया गांव में ब्रह्मा परियोजना का भूमिपूजन किया, जिसके तहत 1,800 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक रेल कोच इकाई स्थापित की जाएगी। इस परियोजना का उद्देश्य न केवल देश की बढ़ती रेलवे जरूरतों को पूरा करना है, बल्कि भारत को रक्षा उत्पादन में एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना भी है।

मध्य प्रदेश बनेगा रक्षा क्षेत्र का केंद्र

भूमिपूजन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में रक्षा क्षेत्र का केंद्र बनने के लिए सभी आवश्यक गुण और संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मेक इन इंडिया और मेक फॉर द वर्ल्ड के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस इकाई में हाई-स्पीड ट्रेनों के लिए कोच और रेलवे के अन्य उत्पाद बनाए जाएंगे, जो देशभर की ट्रेनों में लगाए जाएंगे। यह परियोजना अगले दो साल में पूरी होने की उम्मीद है और इससे 5,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जिससे भोपाल, रायसेन, सीहोर और विदिशा जैसे आसपास के जिलों के युवाओं को लाभ होगा।

“भारत आज दुनिया में सबसे तेजी से विकास कर रहा है”

राजनाथ सिंह ने भारत की बढ़ती आर्थिक और रक्षा शक्ति पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में सबसे तेजी से 6.5% की गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों को भारत का विकास रास नहीं आ रहा है, जो खुद को दुनिया का बॉस मानते हैं।” उन्होंने कहा कि भारत अब एक बड़ी शक्ति बनने की राह पर है।

रक्षा क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि आज भारत 24,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की रक्षा वस्तुओं का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह नए भारत की ताकत है, यह नया रक्षा क्षेत्र है और हमारा निर्यात लगातार बढ़ रहा है।”

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि यह परियोजना मध्य प्रदेश को रेलवे के मैन्यूफैक्चरिंग और एक्सपोर्टिंग हब के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे ने पिछले 11 वर्षों में 35,000 किलोमीटर नई पटरियां बिछाई हैं और 51,000 किलोमीटर ट्रैक का विद्युतीकरण किया है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *