बड़ी ख़बर

गोली का जवाब, गोले से मिलेगा- मोदी की पाकिस्तान को दाे टूक


भोपाल में पीएम मोदी का ‘नारी शक्ति’ उद्घोष: अहिल्याबाई की विरासत, महिला सशक्तिकरण

भोपाल. अजय तिवारी,BDC NEWS

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भोपाल में आयोजित ‘देवी अहिल्याबाई महिला सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने अहिल्याबाई के सुशासन, न्यायप्रियता और दूरदर्शिता की सराहना की, साथ ही नारी शक्ति के बढ़ते सामर्थ्य, सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर पाकिस्तान को भी ललकारा। पाक से दो टूक कहा- गोली का जबाव गोले से मिलेगा।

अहिल्याबाई की विरासत से प्रेरणा, नारी सुरक्षा पर जोर

प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन का आरंभ लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को नमन करते हुए किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का नाम सुनते ही मन में श्रद्धा का भाव उमड़ पड़ता है और उनके महान व्यक्तित्व के बारे में बोलने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ढाई-तीन सौ साल पहले जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा था, तब ऐसे महान कार्य कर जाना आसान नहीं था। उन्होंने अहिल्याबाई के शासन मॉडल को ‘गवर्नेंस का उत्तम मॉडल’ बताया, जिसमें गरीबों और वंचितों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई। उन्होंने जल संरक्षण के लिए नहरों और तालाबों के निर्माण, तथा कपास और मसालों की खेती को प्रोत्साहन देने जैसे अहिल्याबाई के आर्थिक योगदानों का भी उल्लेख किया। पीएम मोदी ने अहिल्याबाई के सामाजिक सुधारों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि 250 साल पहले देवी अहिल्याबाई ने नारी सुरक्षा टोलियों को बनाने का काम किया था। बेटियों की शादी की उम्र जैसे सामाजिक मुद्दों पर अहिल्याबाई की सोच को आज के संदर्भ में प्रासंगिक बताते हुए उन्होंने कहा कि उस जमाने में भी वह बेटियों के विकास के लिए सही रास्ता जानती थीं, जबकि आज कुछ लोग इसे ‘सेक्युलरिज्म के खिलाफ’ मानते हैं।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सेना का शौर्य: पाक को सीधी चुनौती

महिला सशक्तिकरण और अहिल्याबाई की विरासत के साथ-साथ, प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी बेबाकी से बात की। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा, “ऑपरेशन सिंदूर हमारी नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक बना है। बीएसएफ की बेटियां कश्मीर से गुजरात तक मोर्चा संभाल रही थीं और उन्होंने सीमा पार से हो रही फायरिंग का जवाब दिया है।” उन्होंने बीएसएफ की वीर बेटियों के अद्भुत शौर्य की सराहना करते हुए कहा कि “बेटियों का शौर्य पूरी दुनिया देख रही है।”पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, “आतंकियों ने नारी शक्ति को चुनौती दी थी। यही चुनौती उनके और उनके आकाओं के लिए काल बन गई।” उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि “हमारी सेना ने दुश्मन के घर में सैकड़ों किलोमीटर दूर घुसकर उनके आतंकी ठिकानों को तबाह किया। ऑपरेशन सिंदूर भारत के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा सफल ऑपरेशन है।”

महिलाओं को सशक्त बनाने का संकल्प

प्रधानमंत्री ने पिछले 11 सालों में अपनी सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले 30 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते नहीं थे, जिन्हें खुलवाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया गया। उन्होंने ‘मुद्रा योजना’ से 75% महिलाओं के लाभांवित होने और 10 करोड़ से अधिक महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ने का जिक्र किया। पीएम मोदी ने ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत 3 करोड़ बहनों को लखपति बनाने के संकल्प को दोहराया और बताया कि डेढ़ करोड़ से अधिक बहनें पहले ही ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

भोपाल डॉट कॉम, ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *