One Nation One Election : संसदीय समिति की बैठक में मंथन
दिल्ली. BDC NEWS
One Nation One Election : एक देश एक चुनाव संबंधी दो विधेयकों के लिए गठित संसदीय समिति ने बुधवार को पहली बैठक हुई। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बैठक में भाजपा सदस्यों ने अवधारणा को सराहा है, वहीं विपक्षी सांसदों ने सवाल उठाए हैं।
बताया जा रहा है कि कानून मंत्रालय ने संसदीय समिति के सदस्यों को पढ़ने के लिए 18 हजार पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट दी है। कांग्रेस ने विधेयक को असंवैधानिक और लोकतांत्रिक ढांचे का उल्लंघन बताया है।
- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने विधेयक की आर्थिक व्यवहार्यता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह कितना लागत प्रभावी होगा, कितने ईवीएम की जरूरत होगी?
- भाजपा नेता पीपी चौधरी ने कहा, “हमारा प्रयास हर क्षेत्र के लोगों चाहे वह राजनीतिक दलों से हो या नागरिक समाज से हो या न्यायपालिका से सभी की बात सुनना होगा। हम सभी का इनपुट लेना चाहते हैं। हम सरकार की तरफ से पेश किए गए विधेयकों का निष्पक्ष तरीके से परीक्षण करेंगे। हमारा प्रयास आम सहमति तक पहुंचना होगा। मुझे विश्वास है कि हम देशहित के लिए काम करेंगे।”
समिति में कौन-कौन
भाजपा सांसद पी.पी. चौधरी को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पुरुषोत्तम रूपाला, मनीष तिवारी और कई पहले कार्यकाल के सांसद जैसे प्रियंका गांधी, बांसुरी स्वराज और संबित पात्रा भी इस समिति के सदस्य हैं। समिति में 27 सदस्य लोकसभा और 12 सदस्य राज्यसभा से हैं।
सदस्यों की संख्या बढ़ाई
शीतकालीन सत्र में इन विधेयकों को लोकसभा में पेश किया गया था। शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को इन्हें संसदीय समिति के पास भेजा गया था। इस समिति की सदस्य संख्या 31 से बढ़ाकर 39 की गई है, क्योंकि कई राजनीतिक दलों ने इसमें शामिल होने की इच्छा जताई थी।
भोपाल डॉट कॉम