भोपाल। बाग मुगलिया स्थित ‘प्रोस्पेरा’ अपार्टमेंट्स के निवासियों में आज खुशी और गर्व की लहर है। कॉलोनी की रहने वाली श्रीमती नेहा खातरकर ने अपनी पाक कला (Cooking skills) का लोहा मनवाते हुए ‘दैनिक भास्कर किचन क्वीन’ प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में बाजी मारी है। उन्होंने डेजर्ट कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी सोसाइटी और परिवार का नाम रोशन किया है।
हुनर और स्वाद का संगम
प्रतियोगिता के दौरान नेहा ने अपनी रचनात्मकता और स्वाद के बेहतरीन तालमेल से जजों का दिल जीत लिया। उनकी इस शानदार जीत पर प्रोस्पेरा अपार्टमेंट के अध्यक्ष गुलशन सुद, निवासी राजीव मिश्रा एवं रश्मि जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “खाना बनाना नेहा जी की रुचि रही है और उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि कड़ी मेहनत और शौक को यदि सही दिशा मिले, तो सफलता जरूर मिलती है।”
डायमंड नेकलेस और नकद इनाम से नवाजी गईं नेहा
डेजर्ट कैटेगरी में पहले स्थान पर रहने के कारण नेहा खातरकर को इनाम के स्वरूप मंजीत कलेक्शन की ओर से एक ₹11,000 का चेक और स्वर्णप्रभा ज्वेलरी की तरफ से शानदार डायमंड नेकलेस प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में 5 साल की बच्ची से लेकर 80 साल तक की महिलाओं ने भाग लिया था, जिनमें नेहा ने अपनी खास पहचान बनाई।
गृहिणियों के लिए प्रेरणा
अपनी जीत पर नेहा खातरकर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जीत उन सभी महिलाओं के लिए है जो घर और परिवार के साथ-साथ अपने सपनों को भी जीती हैं। उन्होंने संदेश दिया कि, “एक गृहिणी यदि ठान ले, तो वह जीवन के हर क्षेत्र में शिखर तक पहुँच सकती है।” इस भव्य आयोजन के जजमेंट पैनल में होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट, ताज लेक फ्रंट और रॉयल सेलिब्रेशन के मुख्य शेफ शामिल थे। नेहा की इस सफलता पर डी प्रोस्पेरा कॉलोनी के सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।