Headlines

आष्टा : 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को मिली 1836 करोड़ की सौगात, 184 करोड़ के विकास कार्यों का तोहफा

आष्टा में आयोजित "मुख्यमंत्री लाडली बहना राशि वितरण समारोह" में नन्ही बालिका को दुलार किया ।MPINFO आष्टा में आयोजित "मुख्यमंत्री लाडली बहना राशि वितरण समारोह" में नन्ही बालिका को दुलार किया ।MPINFO

आष्टा (सीहोर)
BDC News | bhopalonlie.org

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के दौरान प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटियों और बहनों के सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने आष्टा क्षेत्र को 184 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों की सौगात भी दी।


नारी सशक्तिकरण: 33% आरक्षण और 55 हजार करोड़ की मदद

S 120426035151113

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति को राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 16 अप्रैल से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य होगा।

योजना की प्रगति बताते हुए सीएम ने कहा कि अब तक मध्य प्रदेश की बहनों को लाड़ली बहना योजना के माध्यम से 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने इसे प्रदेश में हर माह मनाया जाने वाला ‘रक्षाबंधन’ करार दिया।

शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति: सांदीपनि विद्यालय और सौगातें

मुख्यमंत्री ने आष्टा और जावर में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। आष्टा का विद्यालय भवन लगभग 61 करोड़ और जावर का भवन 39.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है।

  • छात्रों से संवाद: सीएम ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से चर्चा की। जब उन्होंने पूछा कि कितने बच्चे निजी स्कूल छोड़कर यहाँ आए हैं, तो सभी 32 छात्रों ने हाथ उठाकर इसका समर्थन किया।
  • नई घोषणाएं: आष्टा में नवीन आईटीआई की स्थापना, कन्या महाविद्यालय में छात्रावास, जावर कॉलेज में विज्ञान संकाय और कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन की घोषणा की गई।
S 120426041937113

किसान कल्याण वर्ष 2026: सिंचाई और बोनस पर जोर

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया है।

  • पिछले दो वर्षों में सिंचाई का रकबा 10 लाख हेक्टेयर बढ़ा है।
  • गेहूं पर 40 रुपये बोनस के साथ 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है।
  • गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति और मात्र 5 रुपये में बिजली कनेक्शन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

2 किलोमीटर लंबे रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब

आष्टा की सड़कों पर रविवार को अभूतपूर्व दृश्य दिखा। मुख्यमंत्री के स्वागत में करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड-शो आयोजित हुआ। शहर के हर वर्ग और 35 से अधिक संस्थाओं ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। रोड-शो के दौरान सीएम ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन भी किया।


मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं कीं

  • गुराड़िया खुर्द बैराज और दूधी नदी पर नए बैराज का निर्माण।
  • जिला स्तरीय अनुसूचित बालक-बालिका छात्रावास का निर्माण।
  • जावर में शहरी सौंदर्यीकरण और आष्टा में गीता भवन का निर्माण।
  • मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और टॉपर्स को स्कूटी का वितरण जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *