भोपाल में ‘हर घर तिरंगा’: 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा

भोपाल में ‘हर घर तिरंगा’: 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा

भोपाल: BDC NEWS

देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारतीय गौरव के प्रतीक हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत, भोपाल में 14 अगस्त को एक विशाल और ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा “ऑपरेशन सिंदूर” को समर्पित होगी, जो भारत की अखंडता, वीरता और संकल्प का प्रतीक है।

हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। शनिवार को संत हिरदाराम नगर मंडल, फंदा मंडल, रातीबड़ मंडल और गांधीनगर मंडल के साथ हुई बैठकों में कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।


कोलार से आरंभ होगी भारत की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा

विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि भोपाल में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत यह विशाल तिरंगा यात्रा 14 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार से आरंभ होगी। यह ऐतिहासिक यात्रा हजारों मोटरसाइकिलों और दोपहिया वाहनों के साथ पूरे भोपाल शहर के मध्य से गुजरेगी। प्रत्येक वाहन पर गर्व से लहराता तिरंगा राष्ट्र के प्रति समर्पण और सम्मान का प्रतीक बनेगा

युवाओं में देशभक्ति का संचार और शहीदों को श्रद्धांजलि

रामेश्वर शर्मा ने जोर देकर कहा कि इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत के नौजवानों में देशभक्ति की भावना का संचार करना, शहीदों के बलिदान को स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि देना, और देश की अखंडता तथा सुरक्षा के प्रति जनमानस को जागरूक बनाना है।उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा हम सभी भारतवासियों को यह संदेश देती है कि अपने देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमें सदैव तत्पर रहना चाहिए।

बैठकों में यात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अधिकतम जनभागीदारी को लेकर गहन चर्चा की गई। विधायक शर्मा ने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रभक्ति की प्रतीक तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पिछली बार के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *