बड़ी ख़बरमध्य प्रदेश

भाजपा MLA कॉलेज पहुंचे सदस्य बनाने, स्टूडेंट्स ने की नारेबाजी, जानिए कहां का है मामला

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया विधायक का विरोध

  • भाजपा का सदस्यता अभियान, कॉलेज पहुंची विधायक
  • एव्हीवीपी के कार्यकर्ताओं ने की विधायक के खिलाफ नारेबाजी
  • ताले पर लगाया गेट, प्राचार्य से भिड़े स्टूडेंट्स


दमोह. रंजीत अहिरवार BDCNEWS
दमोह जिले की हटा विधानसभा से भाजपा विधायक उमा देवी खटीक पर शासकीय कॉलेज के छात्रों को भाजपा की सदस्यता दिलाने का आरोप एबीवीपी के कार्यकर्ताओं द्वारा लगाया गया है। कॉलेज में विधायक के मौजूद होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, विधायक खटीक का कहना है कि ऐसा नहीं है, वह कॉलेज का निरीक्षण करने गई थीं।
बता दें कि भाजपा द्वारा सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसको लेकर हटा विधायक उमा देवी खटीक अपने बेटे प्रिंसदीप खटीक और कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार दोपहर शासकीय राघवेंद्र सिंह हजारी कॉलेज पहुंचीं, जहां छात्र-छात्राओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई जा रही थी। जैसे ही यह जानकारी विद्यार्थी परिषद को मिली, उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।


छात्रों ने की नारेबाजी
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और “कॉलेज में राजनीति नहीं चलेगी” के नारे लगाए। कॉलेज का माहौल बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस कॉलेज पहुंची और मुख्य द्वार का ताला खुलवाया। इसके बाद विधायक अपने कार्यकर्ताओं के साथ हंसते हुए बाहर निकलीं। विधायक के बाहर निकलते समय भी छात्रों ने नारेबाजी की।


प्राचार्य से छात्रों की बहस हुई
छात्रों और कॉलेज प्राचार्य पीके ढाका के बीच भी बहस हुई। वायरल वीडियो में छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य को घेरकर उनसे कई सवाल किए। विद्यार्थी परिषद के निखिल रजक ने बताया कि कॉलेज में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं चलेगी। कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई काम करेंगी।


कॉलेज में राजनीति ठीक नहीं
छात्रों ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया ग्रुप पर सदस्यता लिंक डाली जा रही है। कॉलेज में किसी भी राजनीतिक पार्टी का हस्तक्षेप या सदस्यता अभियान नहीं होना चाहिए। इस आरोप पर विधायक उमा देवी खटीक का कहना है कि वह कॉलेज के निरीक्षण के लिए गई थीं। कॉलेज की व्यवस्थाएं देखी हैं और छात्रों की बातें ऊपर तक पहुंचाई जाएंगी।
भोपाल ब्यूरो डॉट कॉम, ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *