BHOPAL NEWS : डॉ.अंबेडकर के नाम से जाना जायेगा जीजी फ्लाई-ओवर
हाइलाट्स
- भोपाल देश का दिल है, इसका तेजी से होगा विकास
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायी
- महिला सशक्तिकरण नीति जल्द की जायेगी मंजूर
- 180 करोड़ रूपये की लागत से बनेगा बावड़िया-कलां ओवर ब्रिज
- गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर तक फ्लाई-ओवर ब्रिज एवं एलिवेटेड कॉरीडोर का लोकार्पण
- खुली जीप में फ्लाई-ओवर का अवलोकन कर नागरिकों का किया अभिवादन
भोपाल :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा कर दी है कि गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर तक फ्लाई ओवर डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जायेगा। 154 करोड़ रूपये की लागत के फ्लाई-ओवर की सौगात गुरूवार को राजधानी को मिल गई। लंबे समय से ब्रिज के लोकार्पण का इंतजार किया जा रहा था। ब्रिज के बनने से अब एमपी नगर का 60 फीसदी यातायात फ्लाई ओवर से गुजर जाएगा।
ब्रिज का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुयोग है कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर इसका लोकार्पण हो रहा है। यह पुल एक और नेताजी सुभाष चंद्र सेतु और दूसरी ओर वीर सावरकर सेतु को मिलाएगा। बड़ी चुनौतियों के बीच इस ब्रिज का निर्माण हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बावड़िया-कलां क्षेत्र में आवागमन की सुविधा की दृष्टि से 180 करोड रुपए की लागत से फ्लाई-ओवर बनाए जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के बन जाने से ओबेदुल्लागंज, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और जबलपुर मार्ग पर यातायात सुगम होगा। साथ ही कहा कि बैरागढ़ के ब्रिज का भी जल्द ही लोकार्पण होगा।
- लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर किसी भी राज्य की रीढ़ की हड्डी होता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के महानगरों में लगभग 3000 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही 361 पुलों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
- सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव विकसित मध्यप्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने की ओर ले जा रहे हैं। प्रदेश में विकास को गति देने के लिये प्रदेश की टीम पूरी दृढ़ता से कार्य कर रही है। फ्लाई-ओवर जैसे अधोसंरचनात्मक विकास से समाज को लाभ मिलता है और विकास को नई गति भी मिलती है।
- हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विकास के नये आयाम जुड़ रहे हैं। भोपाल नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में नव निर्मित फ्लाई-ओवर महती भूमिका अदा करेगा। इस फ्लाई-ओवर पर रात में भी दिन का एहसास होगा।
भोपाल महापौर मालती राय ने सभी का आभार माना। इस अवसर पर विधायक भगवान दास सबनानी, जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।