Headlines

    भोपाल में घर पर छाप रहा था जाली नोट, युवक गिरफ्तार, ₹2.25 लाख बरामद

    भोपाल में घर पर छाप रहा था जाली नोट, युवक गिरफ्तार, ₹2.25 लाख बरामद
    👁️ 407 Views

    सार… मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो अपने घर पर ही उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोट छाप रहा था।

    भोपाल: BDC News
    मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो अपने घर पर ही उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोट छाप रहा था। आरोपी के पास से कुल ₹2 लाख 25 हजार 500 रुपये मूल्य के जाली नोट और नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरण बरामद किए गए हैं।

    एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे उन्हें शांति नगर झुग्गी बस्ती के पास एक व्यक्ति के नकली नोट चलाने की फिराक में घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 500 रुपये के 23 नकली नोट बरामद हुए। आरोपी की पहचान विवेक यादव (निवासी मुरली नगर, करोंद) के रूप में हुई है।

    प्रिंटिंग अनुभव और ऑनलाइन स्टडी का इस्तेमाल

    पुलिस की गहन पूछताछ में आरोपी विवेक यादव ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह पहले एक प्रिंटिंग प्रेस में काम कर चुका है, जिसके कारण उसे डिजाइनिंग और प्रिंटिंग का अच्छा अनुभव था। इसी अनुभव का उपयोग कर वह अपने घर पर कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से जाली नोट छाप रहा था। विवेक ने खुलासा किया कि नकली नोटों को असली जैसा बनाने के लिए उसने 10वीं पास होने के बावजूद कई लेखकों की किताबें पढ़ीं और अलग-अलग स्रोतों से ऑनलाइन अध्ययन किया। सामग्री ऑनलाइन ऑर्डर करके मंगाई गई थी।

    घर से भारी मात्रा में नकली नोट जब्त

    आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसे उसके घर लेकर गई। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को 500 रुपये के 428 नकली नोट और मिले, जिससे कुल बरामदगी ₹2,25,500 हो गई। नकली नोटों के साथ ही, पुलिस ने कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर और अन्य सहायक उपकरण भी जब्त कर लिए। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी विवेक यादव कब से इस गोरखधंधे में शामिल था और उसने अब तक कितने नकली नोट बाजार में चलाए हैं या किन अन्य लोगों तक पहुंचाए हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *