बिजनेस डेस्क| BDC News| bhopalonline.org
सोना-चांदी : सराफा बाजार में पिछले कई दिनों से जारी तूफानी तेजी पर शुक्रवार को अचानक ब्रेक लग गया। सोने और चांदी की कीमतों में आई इस ऐतिहासिक गिरावट ने निवेशकों और खरीदारों दोनों को चौंका दिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही चांदी की कीमतों में ₹24,000 तक की भारी गिरावट देखी गई, जबकि सोना भी ₹8,000 से ज्यादा सस्ता हो गया।
चांदी की कीमतों में मची अफरा-तफरी
गुरुवार को चांदी ने इतिहास रचते हुए ₹4 लाख का आंकड़ा पार किया था और ₹4,20,048 के लाइफटाइम हाई लेवल को छुआ था। लेकिन शुक्रवार सुबह बाजार खुलते ही स्थितियां बदल गईं। 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव एक ही झटके में टूटकर ₹3,75,900 प्रति किलोग्राम पर आ गया। अगर हाई लेवल से तुलना करें, तो चांदी की कीमतों में एक ही दिन में ₹44,148 की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है।
सोने के भाव भी धड़ाम
चांदी की राह पर चलते हुए सोने की कीमतों में भी बड़ा क्रैश (Gold Rate Crash) देखने को मिला। गुरुवार को सोना ₹1,93,096 के ऑल-टाइम हाई पर पहुँचने के बाद ₹1,83,962 पर बंद हुआ था। शुक्रवार को बाजार खुलते ही 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना ₹8,862 गिरकर ₹1,75,100 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। अपने उच्चतम स्तर से सोने के भाव में कुल ₹17,996 की कमी आई है।
क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस भारी गिरावट के पीछे सबसे बड़ा कारण मुनाफावसूली (Profit Booking) है। सोना और चांदी के भाव अपने शिखर पर पहुँच चुके थे, जिसके बाद निवेशकों ने बड़े पैमाने पर बिकवाली शुरू कर दी। ग्लोबल मार्केट में आई इस भारी बिकवाली और घरेलू बाजार में निवेशकों की मुनाफावसूली ने कीमतों को अचानक नीचे धकेल दिया।
Union Budget 2026: इनकम टैक्स छूट से लेकर किसान निधि में बढ़ोत्तरी तक