अजय तिवारी. संपादक
श्री महाकाल महोत्सव का आयोजन केवल एक उत्सव मात्र नहीं है, बल्कि यह मध्य प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक अस्मिता के पुनरुत्थान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जिस तरह से उज्जैन (अवंतिका) को महाकवि कालिदास और सम्राट विक्रमादित्य के काल की वैभवशाली नगरी के रूप में पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है, वह सराहनीय है। 600 करोड़ रुपये का भक्त निवास प्रोजेक्ट और अत्याधुनिक डिजिटल पोर्टल्स का शुभारंभ यह दर्शाता है कि सरकार आध्यात्म को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ जोड़कर एक सुगम ‘धार्मिक इकोसिस्टम’ तैयार कर रही है।
यह महोत्सव धार्मिक पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ युवाओं को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का भी काम करेगा। उज्जैन की विविधता, जहाँ गुरु नानक देव जी के आगमन के प्रमाण मिलते हैं और जहाँ सम्राट विक्रमादित्य के न्याय की गाथाएं गूँजती हैं, उसे एक वैश्विक सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करना समय की मांग है। कनेक्टिविटी के विस्तार और व्यापार मेलों में मिल रही छूट से यह स्पष्ट है कि प्रशासन आध्यात्म को विकास का इंजन बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है।
खबर यह है…
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्री महाकाल महोत्सव से उज्जैन की सुंदरता को स्वर्ग के समान बना दिया है। आज की उज्जैन नगरी महाकवि कालिदास की रचनाओं की अवंतिका के समान हो गई है। सम्राट विक्रमादित्य और राजा भोज के काल से अवंतिका नगरी न्याय और प्रशासनिक दक्षता की वाहक है। सम्राट विक्रमादित्य, राजा भोज और अवंतिका नगरी की अन्य महान विभूतियों और प्रेरक कहानियों को श्री महाकाल महालोक में मूर्ति कला और दीवारों पर चित्रों के माध्यम से बड़ी सुंदर तरीके से दर्शाया गया है। श्री महाकाल की नगरी काल की नगरी है। श्री महाकाल की कृपा से हमारी प्रत्येक सांस है और प्रेरणा से यह जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित है। प्रदेश ने धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर अपनी नवीन पहचान स्थापित की है । श्री महाकाल महोत्सव श्रद्धालुओं को आध्यात्म, धर्म और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ने का माध्यम है। इससे श्रद्धालुओं को बाबा का आशीर्वाद भी मिलेगा, और उज्जैन की जानकारी भी मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मकर संक्रांति पर्व की पावन संध्या पर पूजन अर्चन कर श्री महाकाल महोत्सव का शुभारंभ किया।
यह भी पढ़े…
RailOne ऐप से जनरल टिकट बुकिंग पर 6% तक की भारी छूट, जानें कैसे उठाएं फायदा।
मध्यप्रदेश: डबल इंजन सरकार ने 97% केंद्रीय परियोजनाओं को किया पूरा
कलकत्ता हाईकोर्ट ने IPAC रेड मामले में TMC की याचिका की खारिज