नई दिल्ली | BDC News | Bhopalonline.org
दिल्ली का ‘भारत मंडपम’ शुक्रवार को उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 (India AI Impact Summit 2026) के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अचानक शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना ने न केवल अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को चौंका दिया, बल्कि देश की सियासत में भी उबाल ला दिया है।

क्या है पूरा मामला?
समिट के दौरान जब तकनीक और भविष्य की अर्थव्यवस्था पर चर्चा हो रही थी, तभी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर में दाखिल हुए और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कपड़े उतार दिए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सरकार ट्रेड डील्स और तकनीक के नाम पर आम जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की तीखी प्रतिक्रिया
इस घटना पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कड़ी आपत्ति जताई। गोयल ने कहा, गोयल ने कहा, “जब देश आगे बढ़ता है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनता है, तो कुछ लोगों को बहुत तकलीफ होती है। अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में इस तरह की बाधा डालना भारत की प्रगति को रोकने की एक हताश कोशिश है।”
राहुल गांधी पर ‘X’ (ट्विटर) के जरिए प्रहार
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर राहुल गांधी को टैग करते हुए एक के बाद एक कई हमले किए।
- विज़न की कमी: “आपकी युवा कांग्रेस का AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है। यह आपकी पार्टी में विज़न की कमी और हताशा को दर्शाता है।”
- झूठ फैलाने का आरोप: गोयल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हालिया ट्रेड डील्स को लेकर भ्रम फैला रहे हैं और भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करना चाहते हैं।
- हकीकत से दूर: मंत्री ने तंज कसा कि राहुल गांधी की दुनिया सिर्फ ‘X’ के फॉलोअर्स तक सीमित है और वे जमीनी हकीकत से पूरी तरह कट चुके हैं।