नई दिल्ली|BDC News|bhopalonline.org
सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही हैं, जिसका आधिकारिक काउंटडाउन अब शुरू हो चुका है। परीक्षा की घड़ी नजदीक आते ही छात्रों और अभिभावकों के बीच एडमिट कार्ड (Admit Card) को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट parikshasangam.cbse.gov.in पर एडमिट कार्ड का लिंक सक्रिय करेगा।
एडमिट कार्ड पर ताजा अपडेट
सीबीएसई ने प्राइवेट परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड पहले ही जारी कर दिए हैं, जबकि रेगुलर छात्रों के लिए उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी के पहले सप्ताह तक स्कूल प्रमुखों को एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे। गौरतलब है कि बिना स्कूल के प्रिंसिपल के हस्ताक्षर और मुहर के यह दस्तावेज मान्य नहीं होगा, इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने स्कूल प्रशासन से संपर्क बनाए रखें।
परीक्षा का शेड्यूल और समय
- शुरुआत: 17 फरवरी 2026
- 10वीं की समाप्ति: मध्य मार्च 2026
- 12वीं की समाप्ति: अप्रैल 2026 का पहला सप्ताह
- समय: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक छात्रों को केंद्र पर कम से कम 45 मिनट पहले रिपोर्ट करना होगा। इस बार बोर्ड ने परीक्षा पैटर्न में भी कई अहम बदलाव किए हैं ताकि रटने की प्रवृत्ति के बजाय समझ (Competency-based questions) पर जोर दिया जा सके।
रेगुलर और प्राइवेट छात्रों के लिए अलग नियम
एडमिट कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया दोनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग है।
- रेगुलर छात्र: इन्हें अपना एडमिट कार्ड स्कूल से ही प्राप्त करना होगा। स्कूल प्रबंधन अपनी लॉगिन आईडी के जरिए इसे डाउनलोड करेगा और प्रमाणित करके छात्रों को बांटेगा।
- प्राइवेट छात्र: ये छात्र सीधे सीबीएसई की वेबसाइट
cbse.gov.inके ‘परीक्षा संगम’ पोर्टल पर जाकर अपने एप्लीकेशन नंबर या रोल नंबर की मदद से हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं।
केंद्र पर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
बोर्ड ने सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। परीक्षार्थियों को अनिवार्य रूप से स्कूल यूनिफॉर्म और स्कूल आईडी कार्ड के साथ ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, जैसे मोबाइल या स्मार्ट वॉच, पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। एडमिट कार्ड मिलते ही छात्र अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषयों के कोड और परीक्षा केंद्र के पते की अच्छी तरह जांच कर लें।
यह भी पढ़ेंं.. “सुप्रीम” फैसला: स्कूलों में लड़कियों को फ्री सैनेटरी पैड, अलग टॉयलेट, वरना जाएगी मान्यता