भोपाल/उज्जैन. BDC News/bhopalonline.org
मध्यप्रदेश में 77वां गणतंत्र दिवस पर नीले आकाश में पूरे आन बान शान से तिरंगा फहराया गया। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान पर ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उज्जैन में कार्तिक मेला ग्राउंड पर झंडा फहराया। देश एकता अखंडता, संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
मप्र के निर्माण का संकल्प दोहराया
भोपाल: राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में ध्वजारोहण कर आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प दोहराया। राज्यपाल श्री पटेल ने समारोह स्थल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परम्परागत लोकनृत्यों और झांकियों की प्रस्तुति का अवलोकन किया। परेड कमांडरों के साथ परिचय प्राप्त कर फोटो भी खिंचवाया। पटेल ने कहा, सामाजिक न्याय, किसान समृद्धि और जनजातीय उत्थान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्हों ने कहा, प्रदेश में वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत कृषि बजट में भारी वृद्धि और ई-मंडी जैसे नवाचार किए गए हैं। राज्यपाल ने शिक्षा क्षेत्र में 55 ‘प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस’ और तीन नए विश्वविद्यालयों की स्थापना, स्वास्थ्य में एयर एंबुलेंस सेवा, तथा बुनियादी ढांचे में पार्वती-कालीसिंध-चंबल और केन-बेतवा जैसी ऐतिहासिक सिंचाई परियोजनाओं को राज्य की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही, उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण, विद्युत बिलों में राहत, औद्योगिक विकास हेतु पीएम मित्रा पार्क और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए श्रीराम वन गमन पथ जैसे प्रयासों का उल्लेख किया।
शिप्रा के तट पर सीएम ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
उज्जैन: कार्तिक मेला ग्राउंड पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र रक्षकों का सम्मान भी किया गया। समारोह में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत और सिंहस्थ पर केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभागीय झांकियों को पुरस्कृत भी कियाकर प्रदेशवासियों को ‘समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश’ और ‘विकसित मध्यप्रदेश@2047’ का विजन दिया। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ घोषित करते हुए कृषि बजट को बढ़ाकर 27 हजार करोड़ रुपये करने, गेहूं पर 2600 रुपये प्रति क्विंटल उपार्जन और दुग्ध उत्पादन में प्रदेश को देश की राजधानी बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 की भव्यता, प्रदेश में 50 से अधिक मेडिकल कॉलेजों के लक्ष्य, धार में पीएम मित्र पार्क और भोपाल-इंदौर में मेट्रो रेल की शुरुआत जैसी बड़ी उपलब्धियों को रेखांकित किया। इसके साथ ही, लाड़ली बहना योजना, स्पेस टेक नीति लॉन्च करने वाला पहला राज्य बनने, और जनजातीय नायकों के सम्मान में तीन नए विश्वविद्यालयों की स्थापना जैसे नवाचारों के माध्यम से उन्होंने सामाजिक न्याय और तकनीकी प्रगति का रोडमैप पेश किया। शिप्रा तट पर तिरंगे गुब्बारे छोड़कर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए आह्वान किया कि समाज और सरकार के समन्वित प्रयासों से मध्यप्रदेश स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है।
सीएस फहराया राष्ट्रीय ध्वज
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने चार इमली स्थित मुख्य सचिव आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य सचिव ने राष्ट्रगान के बाद सलामी ली तथा पुलिसबल का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव जैन ने इस अवसर पर मंत्रालय के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, निवास के कर्मचारियों और सुरक्षा स्टाफ को गणतंत्र दिवस की बधाई शुभकामनाएं दी।