सार…SIR काम में लगे BLO की मौतों के बाद कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने SIR को नोट बंद और लॉकडाउन की तरह जल्दबाजी में उठाया कदम बताया है। 19 दिनों में 16 BLO की मौत के लिए केन्द्र सरकार को खड़गे के जिम्मेदार ठहराया है।
नई दिल्ली. BDC News
राज्यों में बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) की मौत की खबरों के बाद, जिनमें कई मामलों में SIR (मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण) के काम का भारी दबाव वजह बताया जा रहा है, इसे लेकर अब राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया है कि काम का अत्यधिक बोझ बीएलओ और पोलिंग अफसरों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर रहा है। खरगे ने ‘X’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि “सिर्फ 19 दिनों में, SIR के दौरान 16 बीएलओ की मौत हो गई है।” उन्होंने मरने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि “भाजपा की वोट चोरी अब जानलेवा हो गई है।”
खरगे ने इस मामले में चुनाव आयोग (EC) पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चोरी की सत्ता का मजा ले रही है, जबकि चुनाव आयोग मूकदर्शक बनकर यह सब देख रहा है। उन्होंने दावा किया कि जमीनी हकीकत के हिसाब से मौतों की यह संख्या बताई गई संख्या से कहीं ज्यादा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने SIR प्रक्रिया को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि “SIR को जल्दबाजी में, बिना किसी योजना के जबरदस्ती लागू करना नोटबंदी और कोरोना लॉकडाउन के फैसलों की याद दिलाता है।” खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा की सत्ता की भूख संविधान को खत्म करने और लोकतंत्र को कमजोर करने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अब भी नहीं जागे, तो लोकतंत्र के आखिरी खंभों को गिरने से कोई नहीं बचा सकता।
हाल ही में, पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक महिला बीएलओ अपने घर पर मृत पाई गई थी। उसके परिवार ने दावा किया है कि वह SIR के काम से जुड़े बहुत ज्यादा तनाव में थी और उसने आत्महत्या कर ली।