नई दिल्ली: BDC News. ब्यूरो
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल के आखिर में भारत दौरे पर आ सकते हैं। यह जानकारी भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने रूसी समाचार एजेंसी तास को दी है। डोभाल ने मॉस्को में रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मुलाकात के दौरान कहा, “हमारे देशों के बीच बहुत अच्छे और मजबूत रिश्ते हैं, जिनकी हम कद्र करते हैं। हम उच्च स्तर पर लगातार बातचीत करते हैं।”
डोभाल की रूस यात्रा और इसका महत्व
ऑपरेशन सिंदूर के बाद NSA डोभाल की यह पहली मॉस्को यात्रा है। माना जा रहा है कि इस दौरान उनकी राष्ट्रपति पुतिन से भी मुलाकात हो सकती है। डोभाल का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और रूस के संबंधों को लेकर लगातार टिप्पणी कर रहे हैं। ट्रंप ने हाल ही में रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर 25% का अतिरिक्त टैरिफ लगाया है, जिससे यह यात्रा और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
भारत-रूस संबंधों को मिलेगी नई दिशा
फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा होगी। इस दौरे से दोनों देशों के बीच 2030 तक 100 अरब डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार का नया आर्थिक रोडमैप तैयार होने की उम्मीद है। वर्तमान में दोनों देशों के बीच करीब 60 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार है।
पिछली बार पुतिन 6 दिसंबर 2021 को भारत आए थे, जब उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। उस दौरान दोनों देशों के बीच 28 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें सैन्य और तकनीकी समझौते भी शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी 2024 में दो बार रूस की यात्रा की थी और पुतिन को भारत आने का न्योता दिया था