Blog

MP में 89 हजार 710 स्टूडेंट्स को लैपटॉप के लिए जारी किए 224 करोड़ रूपए

हाइलाइट्स

  • राज्य सरकार के सभी संसाधनों पर समाज के कमजोर से कमजोर तबके का है अधिकार
  • अपने परिश्रम से उपलब्धियां अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान करने का आनंद वर्णनातीत
  • मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 89 हजार 710 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए जारी किए 224 करोड़ रूपए
  • प्रत्येक विद्यार्थी 25-25 हजार की राशि से अपनी पसंद से ले सकेंगे लैपटॉप

भोपाल : BDC NEWS

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि परिवार परंपरा में मां द्वारा अपने बच्चों को पुष्पित, पोषित करने में प्राप्त आनंद का शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता। इसी प्रकार प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान करने से जो आनंद प्राप्त हो रहा है, वह वर्णनातीत है, यह जीवन भर याद रहने वाली अनुभूति है। जैसे परिवार में सदस्यों का सभी संसाधनों पर अधिकार होता है, उसी प्रकार राज्य सरकार के सभी संसाधनों पर समाज के कमजोर से कमजोर तबके का अधिकार है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान करने से उनकी प्रतिभा निखरेगी, जिससे प्रदेश के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं अधिक सशक्त होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के 89 हजार 710 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप लेने के लिए 224 करोड़ की राशि अंतरित करने के लिए प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सिंगल क्लिक से विद्यार्थियों के खातों में राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें उपलब्ध कराई जा रही 25-25 हजार रूपए राशि का उपयोग लैपटॉप क्रय में ही किया जाए। विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार, अपनी इच्छानुसार स्थान से लैपटॉप लें और लैपटॉप खरीदने की रसीद अपनी शाला में आवश्यक रूप से जमा कराएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत में विद्यमान गुरुकुल परंपरा जातियों और वर्ग भेद से मुक्त थी। सभी को समान रूप से सभी व्यवस्थाओं के लिए अधिकार देकर और प्रतिभाओं को निखार कर भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाता था। इसी की निरंतरता में आज प्रदान किया जा रहे लैपटॉप से विद्यार्थियों को अध्ययन तकनीक का उपयोग करते हुए ज्ञानार्जन और कौशल विकास में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों में आगे बढ़ने के और नवाचार करने के लिए आत्मविश्वास विकसित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन करते हुए कहा कि यह सब उनकी सोच के परिणाम स्वरुप ही संभव हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इसराइल का उदाहरण देते हुए कहा कि अपने आसपास विद्यमान चुनौतियों का सामना करने के लिए वर्तमान परिस्थितियों में अद्यतन तकनीक के साथ चलना आवश्यक है। अपने देश के हितों की सुरक्षा और जन-जन के कल्याण के लिए तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिभावान विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया। इस क्रम में नरसिंहपुर की गीता लोधी, भोपाल के प्रशांत राजपूत, मुरैना की कुमारी स्नेहा त्यागी, राजगढ़ के जयंत यादव, दमोह हटा की मोनिका साहू, सिवनी की कुमार एलिहा नाज़, राजगढ़ की कुमारी ज्योति प्रजापति, भोपाल के पुष्पेन्द्र राजपूत से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ विद्यार्थियों ने समूह चित्र भी लिए।

भोपाल डॉट कॉम ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *