भोपाल | BDC News
राष्ट्रीय युवा दिवस 2026: मौका राष्ट्रीय युवा दिवस था.. भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के गान और स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो संबोधन के प्रसारण के साथ हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हजारों स्कूली बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार की 12 यौगिक क्रियाओं के तीन चक्र और प्राणायाम किया।
योग केवल व्यायाम नहीं, उत्कृष्टता का मार्ग है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बच्चों से कहा- स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी राष्ट्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। योग हमारी प्राचीन भारतीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा, “सूर्य नमस्कार केवल शारीरिक कसरत नहीं है, बल्कि यह सामान्य जीवन को उत्कृष्टता की ओर ले जाने का एक सशक्त माध्यम है।” उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करें।
जंक फूड और नशे से दूरी बनाने का आह्वान
डॉ. यादव ने युवाओं को जीवन की व्यावहारिक चुनौतियों के प्रति सचेत किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि युवाओं को नशे की लत और जंक फूड जैसी कुरीतियों से हमेशा के लिए दूरी बना लेनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि हर व्यक्ति को दिन में कम से कम आधा घंटा व्यायाम या अपने पसंदीदा खेल के लिए निकालना चाहिए। साथ ही, उन्होंने किताबों के अध्ययन और स्वाध्याय की संस्कृति को पुनर्जीवित करने पर बल दिया।
सांस्कृतिक गौरव और ऐतिहासिक संदर्भ
मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति की अडिगता का उदाहरण देते हुए सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमणों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1000 साल पहले किए गए ध्वंस के प्रयासों के बावजूद हमारी संस्कृति आज भी चट्टान की तरह मजबूती से खड़ी है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने पॉलिटेक्निक चौराहे पहुंचकर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह मौजूद रहे
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, कृष्णा गौर, महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के आला अधिकारी उपस्थित रहे। आकाशवाणी के माध्यम से इस पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में किया गया, जहाँ लाखों विद्यार्थियों ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर स्वस्थ भारत का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें… ‘कृषक कल्याण वर्ष’: अन्नदाता से ऊर्जादाता तक का सफर